बिजली कर्मियों को बड़ा लाभ: सैलरी पैकेज के साथ 2 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा कवर

कोरबा। राज्य उत्पादन कंपनी के बिजली संयंत्रों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में प्रबंधन ने बड़ा निर्णय लिया है। इस संबंध में सी एस पी जी सी एल ने बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ एक विशेष सैलरी पैकेज अनुबंध किया है।

इस अनुबंध के तहत उत्पादन कंपनी के मुख्यालय और विभिन्न बिजली संयंत्रों में कार्यरत लगभग 2700 अधिकारी-कर्मचारियों को उन्नत बैंकिंग सुविधाओं के साथ बीमा कवर का लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को 12 लाख रुपये तक का बीमा कवर और अधिकतम 2 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा।

अनुबंध पर उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस. के. कटियार और बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी श्री देवाकर ने हस्ताक्षर किए।

उत्पादन कंपनी के कोरबा जिले में स्थित एचटीपीपी कोरबा पश्चिम संयंत्र और डीएसएम पावर प्लांट के अलावा जांजगीर जिले के मड़वा पावर प्लांट के अधिकारी-कर्मचारी भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।

कंपनी के कार्यपालक निदेशक संदीप मोदी ने बताया कि लंबे समय से बिजली कर्मियों के लिए बैंकिंग सुविधाओं के साथ विशेष सैलरी पैकेज की मांग की जा रही थी। इस अनुबंध के बाद कर्मचारियों को एक ही बैंक में किफायती और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने बताया कि इस पैकेज में 12 लाख रुपये तक का बीमा कवर तथा दुर्घटना और विमान दुर्घटना की स्थिति में 1 से 2 करोड़ रुपये तक का कवरेज शामिल है।