वक्फ की जमीनों से जल्द हटेगा अतिक्रमण, संपत्तियों की उपयोगिता बढ़ाई जाएगी: सलीम राज

कोरबा। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने कहा है कि राज्य में वक्फ की जमीनों पर हुए अतिक्रमण को जल्द हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इन संपत्तियों की उपयोगिता बढ़ाकर उनसे प्राप्त आय को समाज के विकास और शिक्षा के कार्यों में लगाया जाएगा।

मंगलवार को कोरबा प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर वक्फ की जमीनों पर अतिक्रमण की स्थिति है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में जल्द ही वैधानिक कार्रवाई शुरू की जाएगी, ताकि जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कर उनका बेहतर उपयोग किया जा सके।

कोरबा प्रवास के दौरान डॉ. सलीम राज एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे इफ्तार पार्टी में भी शामिल हुए और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार अल्पसंख्यक समाज के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. सलीम राज ने कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इसी सोच के साथ विकास की रोशनी समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।