कोरबा। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान लेमरू में चिकित्सक आवास निर्माण में अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संबंधित कार्य एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कोरबा विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सरकारी निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय, आंगनबाड़ी भवन तथा शिक्षक और चिकित्सक आवास की संरचना का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण सामग्री से किए जाएं।
कलेक्टर ने इंजीनियरों को भी समय-समय पर निर्माण स्थल पर उपस्थित रहकर कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम सोनपुरी और अजगरबहार में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा बनाए जा रहे उप-स्वास्थ्य केंद्र, पीडीएस भवन और पशु चिकित्सालय का भी अवलोकन किया।
सोनपुरी में उन्होंने पीडीएस और उप-स्वास्थ्य केंद्र के लिए एक ही परिधि दीवार (बाउंड्री वॉल) बनाने तथा भवन तक सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने लेमरू धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर धान उठाव में तेजी लाने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
