मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में कबाड़ वाहनों में भीषण आग, 6 गाड़ियां जलकर खाक

कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अस्पताल के पीछे खड़ी पुरानी कबाड़ गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और परिसर में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल परिसर के पीछे लंबे समय से कई अनुपयोगी वाहन कबाड़ के रूप में खड़े थे। अचानक इन्हीं वाहनों में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें और धुआं दूर से दिखाई देने लगा, जिसके बाद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि दमकल की टीम के पहुंचने में देरी के कारण आग तेजी से फैल गई। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक छह वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया और आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक दिया।

जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की आवासीय कॉलोनी स्थित है। आग की लपटें देखकर लोगों में चिंता बढ़ गई थी कि कहीं आग कॉलोनी तक न पहुंच जाए, हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से कबाड़ वाहन और अन्य सामान पड़ा हुआ था, जिससे सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार जिस जगह ये वाहन खड़े थे, वहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी की लापरवाही या शरारत के कारण आग लगी हो सकती है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।