कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के कलमीडुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। युवक को बचाने की कोशिश में उसके साथियों ने भी नदी में छलांग लगाई, लेकिन तेज धारा के कारण वे उसे बचा नहीं सके और खुद भी बहने से बाल-बाल बच गए।
लापता युवक की पहचान 22 वर्षीय नौशाद खान के रूप में हुई है, जो दर्री क्षेत्र की जय भगवान गली का निवासी था और एक निजी कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि नौशाद को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वह दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए उतरा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने नदी में छलांग लगाई थी। शुरू में उसके दोस्तों को लगा कि वह तैर रहा है या मजाक कर रहा है, लेकिन जब वह तेज बहाव में आगे बढ़ने लगा तो स्थिति गंभीर हो गई। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोस्त भी पानी में कूदे, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर मौजूद युवकों से पूछताछ कर रही है और गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















