कोरबा में बढ़ती आबादी को देखते हुए बनेगा नया जलोपचार संयंत्र, 36 करोड़ की योजना को मंजूरी

18 मार्च को खुलेगा टेंडर, दो साल में तैयार होगा प्लांट; दादर, रूमगरा और इमलीडुग्गू में बनेंगी नई पानी टंकियां

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आबादी और जल उपभोक्ताओं की संख्या को देखते हुए अब पानी की आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।

इसके तहत कोरबा में उच्च क्षमता वाला नया जलोपचार संयंत्र बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 36 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। योजना के अनुसार संयंत्र का निर्माण कार्य अधिकतम दो वर्षों में पूरा किया जाएगा।

नगर निगम के जल प्रदाय विभाग के कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह ने बताया कि वर्तमान जलोपचार संयंत्र की क्षमता सीमित हो चुकी है, जबकि शहर में उपभोक्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। पूर्व में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के समय, मध्यप्रदेश शासन के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा कोहडिया में नहर किनारे जलोपचार संयंत्र का निर्माण कराया गया था। लगभग चार दशकों से इसी संयंत्र के माध्यम से शहर के बड़े हिस्से में जलापूर्ति की जा रही है।

बीते वर्षों में नगर निगम क्षेत्र का विस्तार हुआ है और नए मोहल्ले व बस्तियां जुड़ी हैं, जिससे मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा नया प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। प्रस्ताव के अनुसार मौजूदा संयंत्र के स्थान पर ही नई और अधिक क्षमता वाली इकाई का निर्माण किया जाएगा।

इस परियोजना के लिए 18 मार्च को टेंडर खोला जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

कम प्रेशर की समस्या होगी दूर
नगर निगम क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी की टंकियां बनी हुई हैं, जिनके माध्यम से आसपास के इलाकों में जलापूर्ति होती है। लेकिन कई जगह टंकियों की क्षमता कम होने और दबाव की समस्या के कारण अंतिम छोर तक पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी नहीं पहुंच पाता। आने वाले वर्षों में आबादी और बढ़ने की संभावना को देखते हुए लगभग 30 साल आगे की जरूरतों को ध्यान में रखकर यह योजना तैयार की गई है।

योजना के तहत दादर, रूमगरा और इमलीडुग्गू में नई पानी टंकियां भी बनाई जाएंगी। इससे इमलीडुग्गू के खंडाला बस्ती, मोतीसागरपारा के नीचे मोहल्ला तथा दादर के डेलवाडीह जैसे क्षेत्रों में भी पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी पहुंच सकेगा।

वर्तमान में गर्मी के दिनों में नगर निगम को बिजली बस्तियों में छह टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करनी पड़ती है, जबकि कई स्थानों पर बोरवेल से भी पानी उपलब्ध कराया जाता है। नया संयंत्र बनने के बाद इन क्षेत्रों में पानी की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।