कोरबा। मुकुटधर साहित्य समिति के तत्वावधान में पंडित मुकुटधर पांडे साहित्य भवन में महिला सम्मान समारोह एवं होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी सिंह राजपूत रहीं, जबकि अध्यक्षता साहित्य भवन समिति के संरक्षक यूनुस दानियालपुरी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर कविता जैन ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंचासीन अतिथियों का बैज, गुलाल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।समारोह में कला, साहित्य, संगीत और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी अनेक महिलाओं को ‘साहित्य, संगीत व कला अलंकरण’ से सम्मानित किया गया।
महापौर संजू देवी सिंह राजपूत ने सम्मान पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर महिलाओं का अभिनंदन किया तथा महिला दिवस और होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में साहित्य भवन से अपने जुड़ाव को साझा करते हुए एक गीत भी प्रस्तुत किया, जिसे श्रोताओं ने सराहा।कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में हास्य-व्यंग्यपूर्ण होली काव्यपाठ का आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 50 से 60 कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
इस दौरान स्वर्गीय हरिगोविंद ताम्रकार की स्मृति में ‘महा मूर्खाधिराज’ का चयन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक कमलेश यादव को ‘महामूर्खाधिराज’ घोषित किया गया। साथ ही बलराम राठौर, दरोगादास महंत, लखनी साहू, भुवनेश्वर देवांगन नेही और दिलीप अग्रवाल को उनके मंत्रिमंडल का सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम के तृतीय सत्र में कराओके संगीत पर होली गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें कलाकारों और श्रोताओं ने रंग-गुलाल के साथ जमकर उत्सव मनाया। कार्यक्रम में लगभग 80 से 90 कवि, कवयित्रियों और गायकों ने भाग लिया।समिति के सचिव डॉ. कृष्णकुमार चन्द्रा ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि सहसचिव जगदीश श्रीवास ने आभार व्यक्त किया।
अंत में उपाध्यक्ष बलराम राठौर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह आयोजन महिला सम्मान और होली मिलन की परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित हुआ।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















