कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कोरबा जिले के शहरी क्षेत्र पोड़ीबहार निवासी श्रीमती परमेश्वरी प्रजापति भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपने जीवन में नया परिवर्तन महसूस कर रही हैं। एक गृहिणी के रूप में वे लंबे समय से परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही थीं, लेकिन सीमित आय के कारण कई बार घर के खर्च और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बनी रहती थी।
महतारी वंदन योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया, जिसके बाद अब उन्हें हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में मिल रही है। इस राशि का उपयोग वे घरेलू खर्च में सहयोग देने के साथ-साथ अपनी दो बेटियों के भविष्य के लिए बचत करने में कर रही हैं। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और घर की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी यह राशि मददगार साबित हो रही है।
श्रीमती परमेश्वरी प्रजापति का कहना है कि इस योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। अब उन्हें पहले से अधिक आत्मबल और भरोसा महसूस होता है। उनका मानना है कि ऐसी योजनाएं महिलाओं को आगे बढ़ने और परिवार के साथ समाज के विकास में योगदान देने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की पहल से महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता का नया आधार मिला है। उनके अनुसार, यदि इसी तरह महिलाओं के हित में योजनाएं चलती रहीं तो समाज में महिलाओं की स्थिति और अधिक मजबूत होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
