पीएमश्री सेजेस करतला का औचक निरीक्षण, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वच्छता व व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पीएमश्री सेजेस करतला विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं, कंप्यूटर कक्ष, प्रायोगिक प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा खगोल प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की स्थिति पर अधिकारियों व शिक्षकों से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और विद्यालय में आने वाली समस्याओं के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद कलेक्टर ने शिक्षकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कुछ कमियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए तीन दिनों के भीतर पूरे परिसर की समुचित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर दुदावत ने यह भी निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से कंप्यूटर और खेल (स्पोर्ट्स) की कक्षाएं संचालित की जाएं, ताकि बच्चों का शारीरिक और बौद्धिक विकास संतुलित रूप से हो सके।

साथ ही विद्यालय परिसर में पड़े टूटे हुए फर्नीचर की मरम्मत कर उपयोग में लाने तथा पूरी तरह अनुपयोगी फर्नीचर को कबाड़ में बेचकर प्राप्त राशि को विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में खर्च करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।