पीवीटीजी ग्रामीणों के बीच पहुँचे कलेक्टर, नकिया में चौपाल लगाकर सुनी समस्याएँ                      

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम नकिया पहुँचे और पीवीटीजी ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएँ सुनीं। आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर ने कोरबा विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम लेमरू, नकिया और श्यांग क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा, “मैं कलेक्टर हूँ, आप मुझे पहचानते हैं न… मैं आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ। आपका गाँव बहुत सुंदर है। राशन मिल रहा है न? महतारी वंदन योजना की राशि खाते में आ रही है न?”ग्राम नकिया में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण, आश्रित ग्राम कोतरा डाँड़ तक सड़क, ग्राम खराखेत पारा में स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, नकिया में विद्युतीकरण, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य मांगें रखीं। कलेक्टर ने इन मांगों का परीक्षण कर यथासंभव जल्द पूरा करने का भरोसा दिया।

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत की।

इस पर कलेक्टर ने संबंधित बैंक को सोमवार को गाँव में शिविर लगाकर जांच करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने ग्रामीणों को खेती-किसानी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बोर के माध्यम से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कृषि अधिकारी को किसानों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि सभी पात्र हितग्राहियों का सर्वे किया जा चुका है और जो लोग छूट गए हैं वे आवेदन दे सकते हैं। नया लक्ष्य मिलने पर आवास निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि फरवरी माह में कुछ स्थानों पर चावल वितरण नहीं हो पाया था, इसलिए मार्च में राशन दुकानों से फरवरी का चावल भी उपलब्ध कराया जाएगा।

वन अधिकार पत्र के संबंध में उन्होंने ग्राम सभा से अनुमोदन कर प्रस्ताव भेजने को कहा।नकिया में विद्युतीकरण के लिए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को परीक्षण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम सरपंच श्रीमती रमिला मंझवार से भी चर्चा कर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही बाजार शेड और सीसी सड़क निर्माण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को प्राक्कलन तैयार करने तथा जिला पंचायत के सीईओ को ग्राम नकिया की समस्याओं पर अलग से रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास को शीघ्र पूर्ण करने वाले पहाड़ी कोरवा हितग्राही वीरूराम और शाम कुंवर को सम्मानित भी किया।