कोरबा। शहर की व्यस्त सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4500 रुपये का जुर्माना लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार एक टाटा मैजिक पिकअप वाहन का चालक टीपी नगर से पावर हाउस रोड की ओर जाते समय बीच सड़क पर लहराकर वाहन चला रहा था, जिससे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर यातायात पुलिस ने चालक की तलाश शुरू की।
यातायात एएसआई मनोज राठौर और उनकी टीम ने वाहन क्रमांक CG 12 BM 5368 के चालक मनीष तिवारी, पिता नरेंद्र तिवारी, निवासी सीतामणी को पकड़कर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की।
पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग के लिए 2000 रुपये, वाहन में बहुरंगी लाइट लगाने पर 2000 रुपये और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाते हुए कुल 4500 रुपये का चालान किया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि सड़कें सुगम आवागमन के लिए होती हैं, स्टंट करने के लिए नहीं।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
