कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में शिक्षा संकाय द्वारा बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि एक सफल शिक्षक बनने के लिए अच्छा वक्ता होना भी आवश्यक गुण है। जो व्यक्ति अपनी बात प्रभावी ढंग से रख पाता है, वही लोगों के बीच अपनी पहचान बना पाता है।
उन्होंने कहा कि मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने के साथ शांत और प्रभावी व्यक्तित्व के निर्माण का अवसर देता है। छात्र अध्यापकों से उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने बड़ी आशाओं के साथ अपनी मेहनत की कमाई उनकी शिक्षा पर खर्च की है, इसलिए उनके विश्वास पर खरा उतरना अब विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुई। बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा नियति गुप्ता ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं बीएड द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों कमल अजय, अमीषा कंवर, अक्षय प्रधान और ज्योति पटेल ने महाविद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए। बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा तान्या श्रीवास ने भी सुमधुर गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर शिक्षा संकाय की विभाग प्रमुख डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. रश्मि शुक्ला, डॉ. अंजू खेस्स, प्रीति द्विवेदी, नितेश कुमार यादव, राकेश गौतम, शंकरलाल यादव, कुणाल दासगुप्ता सहित शिक्षा संकाय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अल्पा सोनी और शिव कुमार ने किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छात्र-छात्राएं सम्मानित
समारोह के दौरान अध्ययन-अध्यापन, स्वीप प्लान, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र अध्यापकों को प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर और विभाग प्रमुख डॉ. भारती कुलदीप द्वारा सम्मानित किया गया। शिक्षा सत्र 2022-23 में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाली मुक्ता सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आंचल राठौर, स्वाति निर्मलकर, सपना रानी, सरिता चौहान, राजेश्वरी, सुजाता यादव, मनीषा जायसवाल, प्रतिमा चौहान, राधिका सोनी और ममता पैगवार सहित अन्य छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
