कोरबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर न्यू कोरबा हॉस्पिटल द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शनिवार को आयोजित इस शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर में महिला मरीजों को निःशुल्क ओपीडी परामर्श प्रदान किया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य जांचों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी गई, जिससे कई महिलाओं ने अपनी जरूरी जांच कराई और चिकित्सकीय सलाह प्राप्त की।
शिविर के दौरान अस्पताल के अनुभवी डॉक्टरों ने महिलाओं की विस्तृत स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
डॉक्टरों ने कहा कि परिवार और जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं, जबकि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए महिलाओं का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में स्त्री रोग, पोषण, हार्मोनल समस्याएं और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बारे में भी महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे समय रहते अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग हो सकें।
इस अवसर पर अस्पताल में डायलिसिस करा रही महिलाओं के साथ महिला दिवस का भावनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने उनके साहस और सकारात्मक सोच का सम्मान करते हुए कहा कि कई महिलाएं पिछले चार से पांच वर्षों से नियमित डायलिसिस करा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी मजबूती के साथ निभा रही हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
