कोरबा पुलिस ने वृद्धाश्रम में खेली फूलों की होली, वृद्धजनों के साथ बांटी खुशियां

तीज-त्योहार और राष्ट्रीय पर्व पर भी पुलिस परिवार देता है सम्मान और अपनापन

कोरबा।उम्र के अंतिम पड़ाव पर जिन वृद्धजनों को उनके परिजनों ने छोड़ दिया है या जो किसी कारणवश वृद्धाश्रम में रहकर एकाकी जीवन जीने को मजबूर हैं, उनके लिए कोरबा पुलिस परिवार अपनेपन की छांव बनकर सुकून देने का प्रयास कर रहा है। तीज-त्योहार हो या राष्ट्रीय पर्व, पुलिस परिवार ऐसे अवसरों पर कार्यक्रम आयोजित कर वृद्धजनों के साथ खुशियों के पल साझा करता है।

इसी कड़ी में होली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कोरबा एएसपी लखन पटले, कटघोरा एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर, सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी तथा कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पांडेय प्रशांति आश्रम पहुंचे और वहां रह रहे वृद्धजनों के साथ फूलों की होली खेलकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूरे कार्यक्रम का माहौल काफी आत्मीय और भावनात्मक रहा। पुलिस अधिकारियों के स्नेह और सम्मान से कई वृद्धजनों की आंखें नम हो गईं। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानते हैं और हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे।

कार्यक्रम के बाद सभी वृद्धजनों को स्वादिष्ट भोजन कराया गया और पुलिस अधिकारियों ने भी उनके साथ बैठकर भोजन किया। इस आयोजन में सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एएसआई विभव तिवारी सहित पुलिस स्टाफ का सहयोग रहा।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित ऐसे कार्यक्रम जहां वृद्धजनों को आत्मीयता और सम्मान का अहसास कराते हैं, वहीं पुलिस परिवार के लिए भी यह क्षण गर्व और आत्मिक संतोष देने वाले साबित होते हैं।