होली खेलने निकला युवक घर नहीं लौटा,सुबह खोलार नदी किनारे बांस के पेड़ पर लटकी मिली लाश; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में होली के दिन एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। होली खेलने के लिए घर से निकला 18 वर्षीय युवक मनीष कंवर बुधवार की देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। आज सुबह खोलार नदी के किनारे सुराकछार और आनंद नगर के बीच बांस के पेड़ पर गमछे से बने फंदे पर उसकी लाश घुटनों के बल लटकती मिली।

मृतक की पहचान मनीष कंवर पुत्र धुल सिंह कंवर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि युवक दोपहर में होली खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन शाम होते-होते भी वापस नहीं आया। रात भर तलाश के बाद आज सुबह परिजन और स्थानीय लोग खोलार नदी किनारे पहुंचे, जहां बांस के पेड़ पर वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसकी सांस थम चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन और स्थानीय ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं और कह रहे हैं कि युवक को मारकर फांसी पर लटका दिया गया हो सकता है। वे घटना की गहन जांच, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाई है और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के संकेत मिले हैं, लेकिन परिजनों के हत्या के आरोपों को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और मोबाइल फोन की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

किसी भी तरह का खुलासा होने से पहले कुछ भी निश्चित कहना जल्दबाजी होगी। इस घटना से पूरे कुसमुंडा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।