कोरबा। होली के दिन जब शहर में लोग पुलिस सुरक्षा के साए में रंगों का त्योहार मना रहे थे, तब सीतामढ़ी इमलीडुग्गू इलाके में काली मंदिर के पास नशे की आगोश में डूबे 7 युवकों ने अपना दहशत का खेल खेला। सिर्फ फोटो खिंचवाने की बात को नजरअंदाज करने पर उन्होंने चाकू, सर्जिकल ब्लेड और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर चार युवकों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
पुलिस ने इसे ‘हाफ मर्डर’ जैसी घटना करार देते हुए 7 आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना 4 मार्च (होली) दोपहर करीब 3:30 बजे की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इमलीडुग्गू के प्रवीण कुमार बरेठ, मुकेश कुमार यादव, धन सिंह और मोहन ठाकुर होली खेलकर लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीसागर पारा के नशेड़ी युवकों ने उनसे फोटो खिंचवाने की जिद की। जब चारों ने अनसुना कर आगे बढ़ना चाहा, तो नशेड़ियों को यह बात नागवार गुजरी। उन्होंने अपनी दहशत कायम रखने के लिए चाकू, सर्जिकल ब्लेड और पास पड़ी ईंटों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
घायलों में प्रवीण कुमार बरेठ को पेट में गहरा जख्म लगा, जिसकी देर रात बड़े निजी अस्पताल में सर्जरी की गई।
उनकी हालत अब स्थिर है। अन्य घायल मुकेश कुमार यादव, धन सिंह और मोहन ठाकुर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
आरोपी युवक नानू सागर,लक्की श्रीवास,चिंटू सागर,राकेश, गिरिराज शर्मा,विकास,लव शुक्ला पर पुलिस ने शाम 7:30 बजे सिटी कोतवाली में FIR दर्ज की और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं 109(1), 296, 351(3), 115(2), 191(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही उन्हें पकड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में बस्तीवासियों ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर थाना घेराव किया और नशे के ठिकानों पर सख्त कार्रवाई, आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी तथा इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है, लेकिन पुलिस का कोई अंकुश नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह घटना होली जैसे पर्व पर भी नशे और असामाजिक तत्वों के बढ़ते खतरे को एक बार फिर उजागर करती है।
स्थानीय लोग अब नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
