कोरबा। जिले के कोरकोमा क्षेत्र से बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक खबर सामने आई है। कुदमुरा समिति उपार्जन केंद्र में पदस्थ फड़ प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55 वर्ष) की बीती रात जंगली हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई।
पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है और इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है।
राजेश कुमार सिंह मूल रूप से रजगामार के निवासी थे और आवासी सेवा समिति के सदस्य भी थे। घटना के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। अचानक आए जंगली हाथी ने उन पर सीधा हमला कर दिया।
CCTV फुटेज में हाथी की आहट, अफरा-तफरी और हमले का पूरा क्रूर मंजर साफ-साफ कैद हो गया है। राजेश कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह बाल-बाल बच गईं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से आसपास हाथियों का झुंड घूम रहा था और उनकी हलचल देखी जा रही थी। रात के अंधेरे में किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला और हाथी ने सीधे हमला बोल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने और हाथियों की आवाज सुनते ही सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी है। साथ ही हाथी की निगरानी और ट्रैकिंग के लिए विशेष टीम तैनात कर दी गई है।
राजेश कुमार सिंह एक जिम्मेदार और मेहनती कर्मचारी के रूप में जाने जाते थे। उनकी इस तरह की दर्दनाक मौत से पूरे कोरकोमा क्षेत्र और उपार्जन केंद्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोग और सहकर्मी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और वन्यजीवों से मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए स्थायी उपायों की मांग कर रहे हैं।
वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि हाथी के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर मोड़ने के प्रयास जारी हैं और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
