कोरबा।होली के मौके पर शहर में नशे के साए में हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी इमलीडुग्गू इलाके में 4 से 5 नशेड़ी युवकों ने चाकू और ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले सर्जिकल ब्लेड से हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले में परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि धन सिंह और मोहन ठाकुर भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी आदतन अपराधी और नशे के आदी हैं।
मोहल्लेवासियों के अनुसार सीतामढ़ी इलाके में लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। इसी के चलते आए दिन चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस पर कोतवाली पुलिस का प्रभावी अंकुश नहीं है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
घटना के बाद आक्रोशित बस्तीवासी बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व इलाके में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
