कमला नेहरू कॉलेज में होली की धूम, खूब उड़े रंग-गुलाल

कोरबा।होली का पर्व भले ही बुधवार को मनाया जाना है, लेकिन शहर में उत्साह तीन दिन पहले से ही नजर आने लगा है। इसी क्रम में पुरानी बस्ती स्थित कमला नेहरू महाविद्यालय में मंगलवार को अवकाश से पूर्व सादगीपूर्ण ढंग से होली मनाई गई।

बुधवार को अवकाश होने के कारण महाविद्यालय परिवार ने सभी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पूर्ण करने के बाद परिसर में आपसी स्नेह के साथ रंगों का त्योहार मनाया।

प्राध्यापक एवं कर्मचारियों ने प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर को तिलक लगाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्राचार्य ने भी सभी को रंग लगाकर स्वस्थ, सुखमय और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य की अगुवाई में महाविद्यालय स्टाफ ने परिसर में रंग-गुलाल उड़ाए और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

सादगीपूर्ण आयोजन में आत्मीयता और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला। महाविद्यालय परिवार ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।