थाना-चौकी के सामने चोरों का दुस्साहस: दर्री में डेढ़ लाख की चोरी, एनटीपीसी अधिकारी के घर वारदात अब तक अनसुलझी

कोरबा।शहर में अज्ञात चोरों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए थाना-चौकी के आसपास ही चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। होली पर्व के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा और लगातार गश्त के दावों के बीच हुई इन घटनाओं ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक दिन पूर्व सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के ठीक बगल स्थित पान दुकान में छप्पर तोड़कर चोरी की घटना सामने आई थी। वहीं बीती रात दर्री थाना के सामने स्थित परिसर में संचालित आस्था मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में नए एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार्जर, हेडफोन और केबल शामिल हैं।

दुकान संचालक आकाश जायसवाल ने बताया कि सुबह दुकान पहुंचने पर शटर टूटा मिला और अंदर रखा कीमती सामान गायब था।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि रात्रि गश्त प्रभावी होती, तो थाने के सामने इस तरह की वारदात संभव नहीं थी। क्षेत्रवासियों के मुताबिक दर्री थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।

गौरतलब है कि होली पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर अतिरिक्त बल की तैनाती, बाइक एवं चारपहिया वाहनों से पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके बावजूद थाना परिसर के सामने चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

एनटीपीसी अधिकारी के घर चोरी अब तक अनसुलझी
इसी बीच एनटीपीसी कॉलोनी जमनीपाली में हुई एक बड़ी चोरी की गुत्थी भी अब तक नहीं सुलझ सकी है। सरस्वती विहार निवासी जीवराज जाट (51 वर्ष), जो एनटीपीसी प्लांट में डीजीएम पद पर पदस्थ हैं, 8 फरवरी को पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने सपरिवार राजस्थान के सवाई माधोपुर गए थे। 10 फरवरी को घरेलू कामगार द्वारा घर का ताला टूटा होने की सूचना दी गई।

27 फरवरी को वापस लौटकर जांच करने पर घर से तीन नग सोने के कान के रिंग, एक चांदी का कमरबंद, एक सिल्वर प्लेट और दो सिल्वर बिस्किट सहित लगभग साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होना पाया गया। इस मामले में भी पुलिस जांच जारी है, लेकिन अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और रहवासियों में चिंता व्याप्त है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त सख्त करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।