कोरबा।शहर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के बीच निहारिका क्षेत्र स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के सामने की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां प्रतिदिन लगने वाले ठेलों से आसपास के क्षेत्र में कचरा फैल रहा है, जिससे गंदगी का अंबार लग गया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार ठेला संचालक दुकान समेटने के बाद कचरा एक स्थान पर इकट्ठा कर वहीं छोड़ देते हैं।
कई बार झाड़ू और अन्य अपशिष्ट सामग्री भी सड़क किनारे पड़ी रहती है। अधिकांश ठेलों पर कचरा संग्रहण के लिए डस्टबिन की व्यवस्था नहीं है, जिससे सड़कों और नालियों में गंदगी फैल रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार नगर निगम से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई के अभाव में ठेला संचालकों के हौसले बुलंद हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ठेला संचालक खुलेआम यह कहते नजर आते हैं कि उनके पास नगर निगम की अनुमति है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
गौरतलब है कि शहर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। बावजूद इसके, सार्वजनिक स्थलों पर फैलती गंदगी स्वच्छता अभियान की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगा रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम तत्काल निरीक्षण कर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करे, ताकि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर का लक्ष्य साकार हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















