‘पुलिस को जेब में रखता हूं’ कहकर सूदखोर की धमकी, 5.26 लाख के बदले 10.03 लाख चुकाने के बाद भी 5 लाख की मांग

पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई गुहार, पिता-पुत्र पर मानसिक प्रताड़ना और भयादोहन का आरोप

कोरबा/दर्री। बालकोनगर थाना क्षेत्र के नगोईखार में कथित अवैध सूदखोरी और भयादोहन का मामला सामने आया है।

एक परिवार ने आरोप लगाया है कि 5.26 लाख रुपए की मूल रकम के बदले अब तक करीब 10.03 लाख रुपए चुकाने के बावजूद उनसे 5 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग की जा रही है। रकम नहीं देने पर कथित रूप से परिवार को धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।

नगोईखार निवासी घनश्याम पालकर (45) ने 10 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

शिकायत में उन्होंने पड़ोसी सुरेंद्र पटेल और उसके बेटे नितेश पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

2020 में लिया था कर्ज, 10 लाख से अधिक चुकाने का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2020 में आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने पड़ोसी सुरेंद्र पटेल से रकम उधार ली थी। उनका कहना है कि वर्ष 2025 तक किश्तों में 5 लाख 26 हजार रुपए की मूल रकम पूरी तरह चुका दी गई।

पीड़ित का दावा है कि इसके अतिरिक्त विवाद से बचने के लिए उन्होंने 4 लाख 77 हजार 67 रुपए और चुकाए। इस तरह नगद एवं फोन-पे के माध्यम से कुल 10 लाख 3 हजार 67 रुपए वापस किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

10 प्रतिशत मासिक ब्याज और 5 लाख की अतिरिक्त मांग का आरोप
घनश्याम पालकर ने आरोप लगाया है कि इतनी रकम चुकाने के बाद भी सुरेंद्र पटेल द्वारा 10 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज के हिसाब से रकम जोड़ते हुए उनसे करीब 5 लाख रुपए और मांगे जा रहे हैं। रकम देने से इनकार करने पर परिवार को कथित तौर पर लगातार परेशान और धमकाया जा रहा है।

थाना और सीएम पोर्टल में शिकायत का भी उल्लेख
पीड़ित के मुताबिक उन्होंने मामले को लेकर 2 जून 2026 को स्थानीय थाने में शिकायत की थी। इसके बाद 18 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़ित का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण आरोपी पक्ष के हौसले बढ़े हुए हैं।

मेडिकल स्टोर खोलने पहुंचे तो कथित रूप से दी धमकी
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुरेंद्र पटेल और उसका बेटा नितेश पटेल कथित तौर पर पीड़ित के घर पहुंचकर, रास्ता रोककर और बच्चों के स्कूल जाने के दौरान गाली-गलौज करते हैं।

पीड़ित के अनुसार 9 अगस्त 2026 को वह और उसकी पत्नी आजीविका के लिए मेडिकल स्टोर खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान नितेश के वहां पहुंचने और कथित रूप से दुर्व्यवहार एवं गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें कथित तौर पर उठवा लेने की धमकी दी गई।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी दौरान पुलिस को लेकर भी कथित रूप से दबाव बनाने वाली बात कही गई और उससे 5 लाख रुपए लेकर रहने की धमकी दी गई।

रातभर सो नहीं पा रहा परिवार’
लगातार कथित धमकियों से परेशान घनश्याम पालकर ने एसपी से अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

उनका कहना है कि परिवार दहशत के माहौल में जी रहा है और डर के कारण रातभर नींद नहीं आ रही है।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है और लेन-देन से संबंधित दस्तावेज एवं डिजिटल भुगतान के साक्ष्य क्या स्थिति बताते हैं।