कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार स्थित एमआईसी कक्ष में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्वच्छता महाअभियान, विकास एवं निर्माण कार्यों, राजस्व वसूली, डिजिटल ई-फाइलिंग और समयसीमा के प्रकरणों की जोनवार समीक्षा की गई।
स्वच्छता महाअभियान पर जोर
आयुक्त के निर्देशन में 25 फरवरी से वार्डों एवं बस्तियों में मेगा स्वच्छता ड्राइव संचालित की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वार्डों में साफ-सफाई पूरी गंभीरता से की जाए तथा जोनवार कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए।
पीएम सूर्यघर कनेक्शन योजना के तहत अधिक से अधिक कनेक्शन सुनिश्चित कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से समन्वय बढ़ाने को भी कहा गया।
डिजिटल ई-फाइलिंग से पारदर्शिता
बैठक में डिजिटल ई-फाइलिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार निगम में ऑनलाइन फाइलिंग प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत राजस्व वसूली, जलकर, संपत्तिकर आदि के डिमांड नोट व बिल ऑनलाइन जारी किए जा सकेंगे। जोन कमिश्नर अवैध निर्माण के मामलों में ई-नोटिस जारी कर सकेंगे। विज्ञापन होर्डिंग सहित 28 प्रकार की सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराकर निगम को स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
31 मार्च तक राजस्व लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
आयुक्त ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए 31 मार्च से पूर्व निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं की समीक्षा कर हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर भी बल दिया गया।
विकास कार्यों में तेजी
पीएम श्री स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य निर्माण कार्यों की मदवार समीक्षा कर कार्यों में गति लाने और नए प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण पर सख्ती
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र में नया अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जोन कमिश्नरों को नियमित भ्रमण कर अवैध कब्जों पर निगरानी रखने और अतिक्रमण दस्ते के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
समयबद्ध प्रकरणों का निराकरण
कलेक्टर टीएल, जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनचौपाल, पीजीएन और लोक सेवा गारंटी से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त बी.पी. त्रिवेदी, पवन वर्मा सहित जोन कमिश्नर एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
