होली से पहले कोरबा पुलिस की सख्ती: 171 से अधिक चालान, 127 आरोपियों पर कार्रवाई; “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान जारी

कोरबा। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से मनाने के लिए कोरबा पुलिस ने शहर एवं जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ विशेष चेकिंग और कसावट अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन, शराब पीकर वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट वाहन और रात्रि में अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।

यातायात एएसआई मनोज राठौर की अगुवाई में पुलिस अमले ने शारदा विहार, पावर हाउस रोड, पाम मॉल के निकट और निहारिका मार्ग जैसे प्रमुख स्थानों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से जनता को जागरूक किया।

लोगों से अपील की गई कि:
वाहन पार्किंग में ही खड़े करें
सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन न लगाएं
शराब पीकर वाहन न चलाएं
ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) न करें
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात न करें

अभियान के दौरान बेतरतीब पार्किंग करने वालों के वाहनों पर लॉक लगाए गए और जुर्माना वसूला गया।

बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर 10 चालानी कार्रवाई

ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) करने वाले 51 व्यक्तियों पर कार्यवाही

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 चालकों के खिलाफ

मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई
इसके अतिरिक्त, रात्रि में बेवजह घूमने और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) के तहत की गई कार्रवाई:

धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत 28 प्रकरणों में 33 आरोपियों पर कार्यवाही

धारा 126 (B) और 135(3) बीएनएसएस के तहत 83 प्रकरणों में 94 आरोपियों को पकड़ा गया

कुल मिलाकर विभिन्न धाराओं में 171 से अधिक चालान/कार्रवाई की गई और 127 से अधिक आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए यह सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा।

पुलिस की अपील:

सभी नागरिक होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और कानून के दायरे में रहकर मनाएं।

किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, शराब की बिक्री, हुड़दंग या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल 112 पर दें।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।

पुलिस ने आश्वासन दिया कि त्योहार के दौरान शहर में यातायात और शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात रहेगा।