कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक मुकेश कंवर की मौत हो गई। वह दर्री सीएसईबी कॉलोनी का निवासी था। उसके पिता जगदीश कंवर सीएसईबी में कार्यरत हैं। हादसा सीएसईबी मिनी हाइडल पावर प्लांट के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश अपनी ओला स्कूटी से दर्री कॉलोनी से कोरबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे झाड़ियों में गिरी हुई मिली, जबकि उसका शव कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला।
राहगीरों ने उसे तत्काल बाहर निकाला और उपचार के लिए एनटीपीसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। आशंका है कि किसी भारी वाहन की चपेट में आने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को पहले एनटीपीसी अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया, बाद में पोस्टमार्टम के लिए कटघोरा अस्पताल भेजा गया।
बताया गया है कि मुकेश कंवर दर्री स्थित एक निजी पावर प्लांट कंपनी में कार्यरत था और अविवाहित था।
थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
