कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने ग्राम कनबेरी में श्री अग्रसेन गौसेवा समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने की।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना से सड़क कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे दूरस्थ जनजातीय समुदायों के सामाजिक विकास, आर्थिक भागीदारी और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि पीवीटीजी समुदायों के सशक्तिकरण की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण साबित हो रही है। मुख्यमंत्री गौरव पथ निर्माण सहित अन्य कार्यों से क्षेत्र में आवागमन को नई गति मिलेगी और वर्षा ऋतु में संपर्क बाधित होने की समस्या समाप्त होगी।
विधायक श्री पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार समग्र एवं समान विकास की नीति पर कार्य कर रही है, जिससे प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से अब कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित नहीं रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत कुल 21.35 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से आठ वृहद पुलों और सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
कोठीझुंझा नाला पर बनेगा वृहद पुल
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 20.92 करोड़ रुपये की लागत से रामपुर विधानसभा अंतर्गत कोरबा विकासखंड के लेमरू-देवपहरी मार्ग, डोकरमना मेन रोड, बगबुड़ा रोड, बताती-बांसाखार मार्ग और पतरापाली-धानकछार मार्ग पर गौमुखी, चिंगराडांड, गड़गड़ा, कोटगसरा और पेंसारी नाला पर पुलों का निर्माण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त पाली-तानाखार विधानसभा के पोड़ी- उपरोड़ा विकासखंड में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग से बहरीझरिया मार्ग के कोठीझुंझा नाला पर 278.72 लाख रुपये की लागत से वृहद पुल निर्माण को स्वीकृति दी गई है।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत,जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव,जनपद सदस्य अमृत लाल कंवर, सरपंच शत्रुघन सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, अग्रवाल सभा अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल तथा अग्रसेन गौसेवा समिति कोरबा के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
