शिवाजीनगर व एमपी नगर को 14.42 करोड़ की अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन की सौगात, 3350 मकानों को मिलेगा लाभ

वर्षों पुरानी समस्या से मिलेगी राहत, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया भूमिपूजन; महापौर संजू देवी राजपूत बोलीं शहर की हर समस्या का होगा समाधान

कोरबा। नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 25 शिवाजीनगर और वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप (एमपी) नगर कॉलोनी में 14.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस परियोजना से दोनों कॉलोनियों के 3350 मकानों को सीधा लाभ मिलेगा।

एमपी नगर स्थित उद्यान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शामिल इन दोनों क्षेत्रों में लंबे समय से सीवरेज की गंभीर समस्या बनी हुई थी। विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों ने नई सीवरेज लाइन निर्माण की मांग उठाई थी, जिसे पूरा करने का वादा किया गया था।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा 15वें वित्त आयोग मद से राशि की स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद अब 14.4 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सुशासन की सरकार की पहचान विकास और तेज विकास है। ट्रिपल इंजन सरकार में कोरबा शहर के विकास के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध हो रही है, जिससे अधोसंरचना के कार्यों में तेजी आई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मंत्री श्री देवांगन के नेतृत्व में नगर निगम शहर की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। विकास कार्यों के लिए लगातार फंड प्राप्त हो रहा है और शहर को सुव्यवस्थित एवं सुसज्जित बनाने की दिशा में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।

इस अवसर पर दोनों वार्डों के क्षेत्रवासियों ने मंत्री एवं महापौर का महामाला से अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया।

नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से इस कार्य की मांग की जा रही थी, लेकिन फंड के अभाव में स्वीकृति नहीं मिल पा रही थी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।