कोरबा।वार्ड 12 नई बस्ती लक्ष्मण वन तालाब क्षेत्र में दीवार गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम गणेश कर्ष की मौत के बाद भड़का जनआक्रोश देर रात समझौते के बाद शांत हुआ। रात 9 बजे से कोतवाली के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रहे बस्तीवासियों ने मकान मालिक को बुलाने की मांग की। करीब 2 घंटे तक मार्ग बाधित रहा।
वार्ता के दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भोलू यादव, पार्षद तामेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुफलदास महंत और तहसीलदार बजरंग साहू मौजूद रहे। देर रात निर्माणाधीन मकान के मालिक विकास डालमिया की ओर से लिखित सहमति दिए जाने के बाद रात करीब 2 से 3 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मासूम का अंतिम संस्कार स्थानीय मुक्तिधाम में किया गया।
कैसे हुआ हादसा
शिव मंदिर के पास गली से सटी वर्षों पुरानी पक्की चारदीवारी का एक हिस्सा जेसीबी ऑपरेटर की लापरवाही से ढह गया। मलबे में दबकर खेल रहे मासूम गणेश की मौत हो गई। वहीं दीवार के पास खड़े संजू कर्ष और उनके मित्र विशाल यादव घायल हो गए। संजू को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि विशाल का उपचार बालको अस्पताल में जारी है। घटना में एक बाइक और ऑटो भी क्षतिग्रस्त हुए।

जर्जर दीवार से बना खतरा
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि घटनास्थल पर खड़ी बची हुई बाउंड्री वॉल भी जर्जर हालत में है। दीवार में जगह-जगह दरारें हैं और बताया जा रहा है कि यह बिना कॉलम के बनी लंबी व ऊंची संरचना है, जो दोनों ओर आवागमन मार्ग से सटी हुई है। ऐसे में भविष्य में भी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।

दर्ज हुई FIR
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोती लाल पटेल ने बताया कि पुलिस ने जेसीबी मशीन जब्त कर ली है। चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 106 व 324(4) के तहत प्रार्थी मुकेश कर्ष की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
लिखित में मिला यह आश्वासन
मकान मालिक विकास डालमिया ने लिखित में मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा बीमा क्लेम के लिए वकील उपलब्ध कराने की बात कही है।
घायलों के उपचार का पूरा खर्च वहन करने और एक वर्ष तक प्रति माह 4-4 हजार रुपये देने का भी आश्वासन दिया गया है। बाउंड्री वॉल को मजबूती से पुनर्निर्मित करने और निर्माण कार्य सावधानीपूर्वक हरे पर्दे से ढककर कराने की बात लिखित में दी गई है।
हालांकि क्षतिग्रस्त ऑटो और बाइक की मरम्मत को लेकर लिखित उल्लेख नहीं है, पर चर्चा के दौरान आर्थिक मदद का मौखिक आश्वासन दिया गया।
घटना ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जर्जर संरचनाओं के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















