सुनसान सड़क पर घायल पड़े थे तीन युवक, नगर सेना की टीम ने बचाई जान

बांगो डैम से लौट रही टीम की पड़ी नजर, 112 की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल

कोरबा।कटघोरा थाना क्षेत्र के जेजरा चौक के पास रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन युवक घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों घायल सुनसान सड़क किनारे अंधेरे में पड़े रहे। इसी दौरान बांगो डैम में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लौट रही जिला नगर सेना की टीम की नजर घायलों पर पड़ी। टीम ने तत्काल मदद करते हुए 112 की सहायता से तीनों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार दोनों बाइक विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। जेजरा चौक के पास अचानक दोनों की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर जा गिरे। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण घायल काफी समय तक मदद के इंतजार में सड़क किनारे पड़े रहे।

इसी दौरान बांगो डैम से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लौट रही नगर सेना की टीम वहां से गुजरी। जवानों ने घायलों को देखकर तत्काल वाहन रोका और उनकी मदद शुरू की।

प्राथमिक उपचार के बाद 112 की सहायता से घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।


दो घायलों की हालत गंभीर
चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया, जबकि तीसरे घायल की हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है।

दुर्घटना के कारणों का पता लगाने जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय सुनसान इलाके में घायल पड़े होने के कारण यदि समय पर नगर सेना की टीम की नजर नहीं पड़ती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। पुलिस ने वाहन चालकों से रात में सावधानी बरतने, तेज रफ्तार से बचने और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है।