पिकअप से सागौन तस्करी के आरोप में 26 लट्ठे जब्त,अपराध दर्ज

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक, करीब 85 हजार की लकड़ी के साथ वाहन भी जब्त

कोरबा।सागौन की अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से सागौन के 26 नग लट्ठे बरामद किए हैं। जब्त लकड़ी की कीमत करीब 85 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र कोरबा के भूलसीडीह के आसपास सागौन पेड़ों की अवैध कटाई किए जाने की सूचना वन विभाग को मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने झगराहा से भूलसीडीह वन नाका के मध्य मुख्य वन मार्ग पर रात्रि गश्त और निगरानी बढ़ा दी थी।

इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG 13 AY 1202 को रोककर जांच की गई। वाहन में सागौन के 26 नग लट्ठे लोड पाए गए। पूछताछ के दौरान चालक लकड़ी के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन अमले ने लकड़ी और वाहन को जब्त कर लिया।

भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने अवैध काष्ठ परिवहन के मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत पीओआर क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की है। विभाग द्वारा प्रकरण में वाहन को राजसात करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी कोरबा जितेंद्र कुमार उपाध्याय के आदेश पर तथा उप वनमंडलाधिकारी राम सिंह राठिया और सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी मृत्युंजय शर्मा ने किया।

कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक अश्मन आडिल, परिसर रक्षक गुरुवेंद्र कुर्रे, अर्जुन सिंह कंवर, बलराम राठिया, कर्मचारी चंद्रशेखर राठिया सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे। वन विभाग ने बताया कि कार्रवाई में स्थानीय मुखबिरों तथा संयुक्त वन प्रबंधन समिति डुमरडीह-भूलसीडीह के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।