सीसी रोड, नाली समेत मूलभूत सुविधाओं के कार्य होंगे; उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रयास से मिली स्वीकृति
कोरबा। जिले में मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़े 31 कार्यों के लिए जिला खनिज न्यास (DMF) से 5.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के प्रयास से इन विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।
स्वीकृत कार्यों में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, नाली निर्माण सहित अन्य आवश्यक मूलभूत विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से वार्डों एवं मोहल्लों में आवागमन बेहतर होने के साथ बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया गया कि शहर में सड़क, नाली और अन्य अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे पहले 15वें वित्त मद से कोरबा नगर निगम क्षेत्र में अधोसंरचना के 100 कार्यों के लिए 25.95 करोड़ रुपये, पेयजल से संबंधित 15 कार्यों के लिए 7.52 करोड़ रुपये तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 1.79 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
जल्द शुरू होंगे निर्माण कार्य
मंत्री लखनलाल देवांगन ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सभी कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, ताकि स्वीकृत राशि का उपयोग समय पर हो और नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















