मधुमेह जांच, नि:शुल्क औषधि एवं योग-प्राणायाम का मिलेगा प्रशिक्षण
कोरबा। आयुर्वेद के प्रणेता महर्षि चरक की जयंती श्रावण शुक्ल पंचमी के अवसर पर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन द्वारा ‘स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत’ अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत 17 अगस्त को आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, निहारिका में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित आयुर्वेद विशेषज्ञ एवं नाड़ी वैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा शिविर में मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करेंगे।
शिविर में विशेष रूप से मधुमेह रोगियों के लिए रक्त शर्करा की जांच की जाएगी। इसके अलावा नि:शुल्क औषधि वितरण, योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण तथा आहार-विहार, दिनचर्या और ऋतुचर्या से संबंधित व्यक्तिगत परामर्श भी दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी पत्रिका का नि:शुल्क वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















