कोरबा।शहर के एनकेएच सुपर-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में चिकित्सकों की टीम ने गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की जटिल ब्रेन सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया। करीब 40 दिन तक चले उपचार और गहन निगरानी के बाद 20 वर्षीय ऋषि कुमार अब पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुका है।
जानकारी के अनुसार 16 जनवरी की शाम कसनिया ओवरब्रिज के पास दोपहिया वाहन से जा रहे ऋषि कुमार की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। वह अचेत अवस्था में था तथा उल्टी और कान-नाक से रक्तस्राव हो रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एनकेएच अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल में जांच के दौरान युवक के मस्तिष्क में गंभीर चोट और रक्तस्राव की पुष्टि हुई।
स्थिति नाजुक होने पर न्यूरोसर्जन डॉ. शिवानी के नेतृत्व में 17 जनवरी को आपातकालीन डिकम्प्रेसिव क्रेनियोटॉमी सर्जरी की गई।
ऑपरेशन के दौरान मस्तिष्क में जमा लगभग 50 सीसी रक्त निकाला गया और फ्रैक्चर का उपचार किया गया। सर्जरी में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. रोहित मजूमदार एवं उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ऑपरेशन के बाद मरीज को आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उपचार के दौरान सांस लेने में तकलीफ होने पर ट्रेकियोस्टॉमी भी करनी पड़ी। लगभग 40 दिनों तक निरंतर निगरानी और गहन उपचार के बाद उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हुआ और उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया। पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
परिजनों ने बताया कि एक समय उन्हें उम्मीद नहीं थी कि युवक बच पाएगा, लेकिन डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की अथक मेहनत से उसकी जान बच सकी। स्वस्थ होकर घर लौटने पर परिवार ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















