राशन वितरण में लापरवाही पर बाँकी मोंगरा में बवाल: 3 घंटे चक्काजाम, 15-15 दिन दोनों जगह दुकान खोलने पर सहमति

कोरबा -बाँकी मोंगरा।वार्ड क्रमांक 15 के कुदरीपारा क्षेत्र में संचालित राशन सोसाइटी क्रमांक-2 के संचालक पर दुर्व्यवहार, लापरवाही और राशन वितरण में मनमानी के आरोपों को लेकर बुधवार को जनता का आक्रोश फूट पड़ा।

नेता प्रतिपक्ष नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा एवं पार्षद मधुसूदन दास के नेतृत्व में वार्डवासियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आज़ाद और पार्षद संदीप डहरिया भी मौजूद रहे। करीब 2 से 3 घंटे तक चले जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि सोसाइटी को कुदरीपारा में ही संचालित किया जाए और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

मौके पर तहसीलदार, खाद्य अधिकारी और थाना प्रभारी पहुंचकर वार्ता की। आश्वासन और संचालक को समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।

पार्षद मधुसूदन दास ने कहा कि यह समस्या वर्षों से चली आ रही है। घनी आबादी वाले कुदरीपारा क्षेत्र में बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी निवास करते हैं, ऐसे में सोसाइटी का संचालन वहीं से होना चाहिए ताकि सुचारू वितरण हो सके।

वहीं सोसाइटी संचालक ने आरोपों को निराधार बताया।

उनका कहना है कि पिछले महीने शासन स्तर से राशन समय पर और पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंचने के कारण वितरण प्रभावित हुआ, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ी।

खाद्य अधिकारी की पहल पर फिलहाल यह सहमति बनी है कि शासन स्तर से अंतिम निर्णय आने तक राशन दुकान 2 नंबर बस्ती और कुदरीपारा दोनों स्थानों पर 15-15 दिन के अंतराल में खोली जाएगी, ताकि विवाद की स्थिति न बने और हितग्राहियों को राहत मिल सके।