बरमपुर मोड़ पर कोयला लोड ट्रेलर पलटा,बड़ा हादसा टला; अधूरे फोरलेन निर्माण पर उठे सवाल

कोरबा।कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर स्थित बरमपुर मोड़ के पास शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोयला लोड ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया, जिससे ट्रेलर में भरा कोयला सड़क पर बिखर गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 एक्यू 7303 कुसमुंडा की ओर से कोयला लोड कर कोरबा आ रहा था। सुबह करीब 4 बजे बरमपुर मोड़ के पास वाहन चालक का नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर पलट गया। राहत की बात यह रही कि उस समय सड़क पर अन्य वाहनों या राहगीरों की आवाजाही नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लगातार हादसों का गवाह बन रहा मार्ग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग लंबे समय से दुर्घटनाग्रस्त बना हुआ है। फोरलेन निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। बरमपुर मोड़ के पास नहर पर पुल का निर्माण कार्य भी अटका हुआ है, वहीं सड़क का डिवाइडर बीच में ही समाप्त हो जाता है। मोड़ पर सड़क का फैलाव असमान होने के कारण भारी वाहनों को मोड़ने में कठिनाई होती है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

निवासियों ने बताया कि बरमपुर मोड़ के अलावा डंफर पुल, खम्हरिया मोड़ और शिवमंदिर चौक भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र बने हुए हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे फोरलेन निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मार्ग को सुचारु करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।