तीन रंगों के लेटर बॉक्स से दर्ज होंगी समस्याएं, तय समय में समाधान नहीं होने पर अधिकारी देंगे जवाब
कोरबा। शहरवासियों की बुनियादी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर पालिक निगम कोरबा ने नई पहल की है। ‘मेयर की पाती’ व्यवस्था के तहत अब पेयजल, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का निराकरण 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा। निर्धारित समयसीमा में समाधान नहीं होने पर संबंधित प्रभारी अधिकारी को जवाब देना होगा।
इस नई व्यवस्था के अंतर्गत निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत के प्रवेश द्वार पर नीले, पीले और हरे रंग के तीन अलग-अलग लेटर बॉक्स स्थापित किए जाएंगे।
नीला बॉक्स – पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए
पीला बॉक्स – स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत समस्याओं के लिए
हरा बॉक्स – साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों के लिए
आम नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन निर्धारित बॉक्स में डाल सकेंगे। प्राप्त शिकायत पत्रों को तत्काल निकालकर कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित प्रभारी अधिकारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा।
अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर संतोषजनक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। यदि किसी कारणवश तय समय में समस्या का समाधान संभव नहीं हो पाता है, तो प्रभारी अधिकारी को ठोस कारणों सहित निगम आयुक्त को अवगत कराना होगा और यह भी बताना होगा कि समस्या का समाधान कब और कैसे किया जाएगा।
नगर निगम का दावा है कि इस पहल से नागरिकों की समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















