वार्ड 23 और 27 में मेगा स्वच्छता ड्राइव, आयुक्त ने किया निरीक्षण

नालों की सफाई, कीटनाशक छिड़काव और डोर-टू-डोर संपर्क अभियान; रहवासियों से लिया फीडबैक

कोरबा। शहर में जमीनी स्तर पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन वार्ड क्रमांक 23 बुधवारी क्रमांक-01 और वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए गए।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों की टीम के साथ दोनों वार्डों का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के तहत बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य एवं संपर्क सड़कों तथा नालियों की विशेष सफाई की गई। नालों और नालियों के ऊपर से स्लैब हटाकर गहराई से सफाई कराई गई।

इसके साथ ही सड़कों के किनारे जमी धूल, मिट्टी और झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव एवं परिवहन, कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव जैसे कार्य व्यापक पैमाने पर संपन्न किए गए।

आयुक्त ने विभिन्न आवासीय क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर रहवासियों से डोर-टू-डोर संपर्क किया और निगम द्वारा किए जा रहे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व अन्य साफ-सफाई कार्यों की जानकारी ली। सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी नागरिकों से चर्चा की गई। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता महाअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में कचरा न डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री और डिस्पोजल का उपयोग न करें।

नगर निगम का कहना है कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।