बरबसपुर में स्थापित होगा संयंत्र, 50–65 टन रोजाना गीले कचरे से बनेगी बायो गैस व जैविक खाद
कोरबा। शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में नगर निगम कोरबा ने एक अहम पहल की है। निगम ने बायो गैस संयंत्र की स्थापना के लिए छत्तीसगढ़ बायो फ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी और गेल इंडिया लिमिटेडके साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना अधिकतम 24 माह में पूरी कर ली जाएगी।
एमओयू पर निगम की ओर से आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सीजी बायोफ्यूल के सीईओ सुमित सरकार एवं गेल इंडिया के महाप्रबंधक किशोर कुमार ने कलेक्टर कुणाल दुदावत और महापौर संजूदेवी राजपूत की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।
स्वच्छता अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि शहर से प्रतिदिन करीब 150 टन से अधिक कचरा निकलता है, जिसमें 50 से 65 टन गीला कचरा होता है। इसके समुचित प्रबंधन और निपटान के लिए बायो गैस प्लांट की स्थापना आवश्यक हो गई थी।
परियोजना के तहत गीले कचरे से बायो गैस तैयार की जाएगी, जिसका उपयोग ईंधन के रूप में किया जा सकेगा।
साथ ही जैविक खाद का उत्पादन भी होगा, जिसका उपयोग कृषि एवं बागवानी कार्यों में किया जा सकेगा। इससे एक ओर जहां कचरे की समस्या का समाधान होगा, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ ऊर्जा और जैविक उर्वरक का उत्पादन भी सुनिश्चित होगा।
बरबसपुर में लगेगा संयंत्र
नगर निगम को ग्राम बरबसपुर स्थित शासकीय भूमि आबंटित की गई है, जहां संयंत्र स्थापित किया जाएगा। भूमि सुरक्षित कर ली गई है और एमओयू के बाद अब परियोजना पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। निर्धारित समयसीमा में संयंत्र शुरू होने की उम्मीद है।
नगर निगम का दावा है कि यह परियोजना शहर के लिए पर्यावरणीय और आर्थिक दृष्टि से लाभकारी साबित होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















