कोरबा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला कोरबा महिला मोर्चा ने कथित यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ तीखा आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने यूथ कांग्रेस का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। यह प्रदर्शन नई दिल्ली में हाल ही में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कांग्रेस और यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार के विरोध में था, जिसे देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास करार दिया गया।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्र की गरिमा और भारतीय संस्कृति के खिलाफ कृत्य बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने संबोधन में स्पष्ट कहा कि राष्ट्र की गरिमा सर्वोपरि है और देश की छवि से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस और यूथ कांग्रेस की इस हरकत को लोकतंत्र की मर्यादा का उल्लंघन बताया।
इस अवसर पर कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा श्रीमती संतोषी दीवान, भाजपा जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, कोरबा भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, दर्री भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, भाजपा जिला मंत्री श्रीमती कमला बरेठ, भाजपा मीडिया सहप्रभारी शैलेन्द्र यादव सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चाओं के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाई-बहन उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर अपना गुस्सा जाहिर किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















