जोड़ा पुल के पास भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रैलर से भिड़ी हाइवा, चालक गंभीर

कोरबा। सर्वमंगला मंदिर-कनवेरी मार्ग पर जोड़ा पुल के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैलर से पीछे से आ रही हाइवा की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हाइवा का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद चालक केबिन में फंस गया था। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे जैसे-तैसे बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिसके कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि पहले सड़क सकरी और जर्जर थी, जिससे वाहन धीमी गति से चलते थे। अब सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण के बाद चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहे हैं, जो हादसों की बड़ी वजह बन रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।