कोरबा। टीपी नगर मुख्य मार्ग पर सीएसईबी चौकी क्षेत्र में बुधवार को सरेआम मारपीट की एक घटना ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। नशे में धुत दो कार सवार युवकों ने एक बाइक सवार ऑटो चालक से मामूली विवाद को हाथापाई में बदल दिया। युवकों का आरोप था कि बाइक ने उनकी कार को ठोकर मारी है, जबकि ऑटो चालक ने इसे नकारा।
विवाद इतनी तेजी से बढ़ा कि देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। ऑटो चालक को देखकर ऑटो संघ के पदाधिकारी और अन्य राहगीर भी घटनास्थल पर पहुंचे। कार सवार युवक तब भी नहीं माने और ऑटो संघ के लोगों तथा भीड़ से हुज्जतबाजी करने लगे।
एक युवक ने खुद को पुलिस अधिकारी का भतीजा बताकर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में और अधिक आक्रोश फैल गया।
युवकों ने लंबे समय तक ड्रामा किया और बार-बार विवाद बढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान कई लोगों ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नशे में धुत युवकों की हरकतें और भीड़ के साथ बहस साफ दिखाई दे रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और उन्हें चौकी बुलाया। चौकी पर दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद किसी के खिलाफ कोई लिखित कार्रवाई नहीं की गई।
हालांकि, घटना के बाद क्षेत्रवासियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना और फिर सरेआम मारपीट करना गंभीर अपराध है, जिस पर पुलिस को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए।
यह घटना टीपी नगर और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















