सिलाई प्रशिक्षण केंद्र परिसर में फलदार पौधों का रोपण, संरक्षण का लिया संकल्प

श्रद्धा महिला मंडल व आकृति महिला समिति की पहल, बादाम, आंवला, अमरूद और नींबू के पौधे लगाए

कोरबा। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल मुख्यालय की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में आकृति महिला समिति, सेंट्रल वर्कशॉप–सेंट्रल स्टोर्स, कोरबा द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तहत स्व. केके वर्मा उद्यान एवं आकृति महिला मंडल द्वारा संचालित नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, एसबीएस कॉलोनी, एसईसीएल कोरबा परिसर में बादाम, आंवला, अमरूद और नींबू सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। पौधों के बेहतर संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।

आकृति महिला मंडल सेंट्रल वर्कशॉप एसईसीएल कोरबा की अध्यक्ष नम्रता द्विवेदी ने कहा कि जीवन के लिए पौधे अत्यंत आवश्यक हैं। वे वातावरण को शुद्ध रखते हैं और हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं। पेड़-पौधों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और धार्मिक दोनों दृष्टिकोण से वृक्षों का विशेष महत्व है, जिसे हम सभी स्वीकार करते हैं।

इस अवसर पर समिति की सदस्या श्रीमती सीमा राव, श्रीमती श्रद्धा गुप्ता,श्रीमती प्रभाति पटुवा और लक्ष्मी प्रसाद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।