डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू, 10 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग स्थित साडा अड्डा कैफे में गुरुवार तड़के चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसपैठ की और सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
सुबह सफाईकर्मी जब दुकान के बाहर पहुंचा तो शटर आधा खुला और ताला टूटा मिला। उसने तत्काल संचालक लक्ष्मण श्रीवास को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर संचालक ने देखा कि दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद मानिकपुर पुलिस चौकी को सूचना दी गई।
चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। चोरों की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। डॉग बाघा ने मास्टर ट्रेनर सुनील गुप्ता के साथ घटनास्थल से सेंट लेकर रेलवे ट्रैक की ओर मूवमेंट दर्शाया।
संचालक के अनुसार दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में नकाबपोश चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में आरोपी दुकान के अंदर घुसते और चोरी करते नजर आ रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 10 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है।
बताया गया कि एक दिन पहले शगुन पान दुकान और एक कपड़ा दुकान में भी चोरी की कोशिश की गई थी, लेकिन वहां के संचालकों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















