यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म के विरोध में सर्व यादव समाज का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के बैनर तले जिला यादव समाज ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म के विरोध में प्रदर्शन करते हुए कोरबा कलेक्टर को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

समाज के लोगों ने आईटीआई चौक से कलेक्टोरेट तक रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष नाथू लाल यादव ने बताया कि फिल्म निर्माता अंकित भडाना और संदीप तोमर द्वारा निर्मित यादव जी की लव स्टोरी 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में एक यादव लड़की और मुस्लिम युवक के काल्पनिक प्रेम प्रसंग को दर्शाया गया है, जिससे समाज की बहन-बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचने और यादव समाज की भावनाएं आहत होने की आशंका है।

समाज का कहना है कि इस फिल्म से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की संभावना भी बन सकती है।

सर्व यादव समाज ने महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, फिल्म विकास बोर्ड के अध्यक्ष, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ तथा श्रम एवं सहकारिता मंत्री से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए फिल्म को रिलीज से पूर्व प्रतिबंधित किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में यादव समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।