स्व. केशवलाल मेहता की पत्रकारिता आज भी समाज के लिए उदाहरण: सांसद महंत

स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता में बालको, कलेक्टर-11, अधिवक्ता-11 और शिक्षा विभाग सेमीफाइनल में

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब द्वारा घंटाघर मैदान में आयोजित स्व. केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के 22वें संस्करण में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि स्व. केशवलाल मेहता की स्मृति में 22 वर्षों से प्रतियोगिता का आयोजन होना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मेहता स्वतंत्र लेखनी के धनी थे और उनकी पत्रकारिता आज भी समाज के लिए उदाहरण है। जिस प्रकार स्व. बिसाहू दास महंत आज भी लोगों के दिलों में बसे हैं, उसी तरह स्व. मेहता की स्मृति भी समाज में जीवित है।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमें एकता, अनुशासन और प्रेम का संदेश देता है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन आत्मविश्वास कभी नहीं खोना चाहिए।

सांसद ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में रनरअप टीम को दी जाने वाली ट्रॉफी स्व. बिसाहू दास महंत की स्मृति में प्रदान की जाएगी।

मुकाबलों का रोमांच
पहला मैच एनटीपीसी और बालको के बीच खेला गया। एनटीपीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 85 रन बनाए। बालको ने 7.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की। बालको के मंजय सिंह प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

दूसरा मुकाबला अधिवक्ता-11 और कमिश्नर-11 के बीच हुआ। अधिवक्ता-11 ने 5 विकेट पर 134 रन बनाए। जवाब में कमिश्नर-11 की टीम 4 विकेट पर 121 रन ही बना सकी। अधिवक्ता-11 ने 13 रन से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भोला सोनी मैन ऑफ द मैच घोषित किए गए।

सोमवार को खिताबी भिड़ंत
सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों में बालको-11, कलेक्टर-11, अधिवक्ता-11 और शिक्षा विभाग की टीम शामिल हैं। पहला सेमीफाइनल कलेक्टर-11 बनाम बालको-11 तथा दूसरा सेमीफाइनल शिक्षा विभाग बनाम अधिवक्ता-11 के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को आयोजित होगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश परसाई, कांग्रेस नेत्री उषा तिवारी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। स्व. मेहता की पुत्री इंदु सिंघवी एवं दामाद पंकज विशिष्ट भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रेस क्लब पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार बंधुओं की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।