सांसद कमलेश जांगड़े ने की 5 लाख रुपये के सामुदायिक भवन की घोषणा
जांजगीर। धीवर समाज नवागढ़ रेंज का वार्षिक सम्मेलन ग्राम बनारी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री रामचंद्र जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
इसके बाद अतिथियों का शाल-श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
विशिष्ट अतिथियों में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जनसेवक अमर सुल्तानिया, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय एवं कसडोल के छाया विधायक धनीराम धीवर शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धीवर समाज महासभा बिलासपुर संभाग के अध्यक्ष देवव्रत भीष्म ने की।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में समाज की एकजुटता और संगठन की शक्ति पर बल दिया। इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि सामाजिक कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के विकास के लिए संकल्प लेने का अवसर होते हैं।
नारायण चंदेल ने धीवर समाज से अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अमर सुल्तानिया ने कहा कि उनकी पार्टी ने धीवर समाज को सम्मान देते हुए राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की है।


सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने संबोधन में धीवर समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए मछली पालन व्यवसाय में नई तकनीकों को अपनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने बनारी में धीवर समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में बनारी के सरपंच देवनारायण सिदार सहित बिलासपुर संभाग एवं विभिन्न रेंज और केंद्रों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। मंच संचालन राजेश धीवर ने किया।
सम्मेलन के अंत में समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने, शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, रोजगार-स्वरोजगार अपनाने और शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का सामूहिक आह्वान किया गया।
आयोजकों ने सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















