त्रिपुरा रायफल्स के जवानों की सतर्कता पर एसईसीएल सीएमडी ने किया सम्मानित
कोरबा । कुसमुंडा खनन क्षेत्र (एसईसीएल) में डीजल चोरी की एक बड़ी कोशिश को त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (TSR) के जवानों ने अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नाकाम कर दिया। घटना 13 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3:20 बजे की है।
चार अज्ञात व्यक्ति एसईसीएल की वर्दी पहनकर सुरक्षा कर्मियों को भ्रमित करने के इरादे से बोलेरो वाहन (क्र.सं. सीजी 12 बीयू 6108) से अवैध मार्ग से खदान में घुसे। उन्होंने 10 प्लास्टिक कंटेनरों में लगभग 170 लीटर डीजल भरा और फरार होने की तैयारी की।
संदिग्ध गतिविधि पर नजर पड़ते ही TSR जवानों ने वाहन की पहचान की और त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की मदद से उसे रोकने का प्रयास किया। पकड़े जाने की आशंका में आरोपी वाहन छोड़कर मौके से भाग गए। तलाशी में वाहन से 170 लीटर डीजल बरामद किया गया।
यह कार्रवाई उप कमांडेंट मिहिर दत्ता के निर्देशन में नायक सूबेदार राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में की गई, जिसमें राइफलमैन अमन टोप्पो, गोपाल दास, गेब्रियल केरकेट्टा, गुरुपदा गोपे तथा नायक बिश्नु उरांव शामिल थे।
घटना के बाद साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सीएमडी हरीश दुहन की अध्यक्षता में एक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें इन जवानों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर वी. दक्षिणामूर्ति उपस्थित रहे।
एसईसीएल प्रबंधन ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और उत्कृष्ट टीमवर्क की सराहना की तथा इसे कंपनी की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था का बेहतरीन उदाहरण बताया। कुसमुंडा क्षेत्र में डीजल और कोयला चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन TSR की तैनाती से सुरक्षा में सुधार आया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















