आयुक्त ने किया श्रमदान, दादर तालाब में चला स्वच्छता अभियान

संत निरंकारी मिशन व निगम टीम ने मिलकर हटाया प्लास्टिक कचरा

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दादर बस्ती स्थित माँ कंकालीन देवी मंदिर के पीछे स्थित तालाब में पहुंचकर जल स्त्रोत की सफाई अभियान में स्वयं श्रमदान किया। संत निरंकारी मिशन और नगर निगम की संयुक्त पहल पर आयोजित इस अभियान में घंटों तक साफ-सफाई कर स्वच्छता में जनसहभागिता का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान तालाब की मेढ़ एवं वहां बने तीनों घाटों की विशेष सफाई की गई। बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक, डिस्पोजल सामग्री, पाउच, पूजा सामग्री का अपशिष्ट तथा झाड़ियां हटाकर कचरे का संग्रहण, परिवहन और डिस्पोजल कराया गया।

आयुक्त श्री पाण्डेय ने कहा कि जल पंचतत्वों में से एक है और जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता को अपनी जीवनशैली में शामिल करना आवश्यक है तथा इसमें सबकी सहभागिता जरूरी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम स्वयंसेवी एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से जल स्रोतों, सार्वजनिक स्थलों और वार्ड-बस्तियों में निरंतर सफाई अभियान चलाता रहेगा।

प्रतिबंधित प्लास्टिक उपयोग न करने की अपील
संत निरंकारी मिशन के वरिष्ठ सदस्य ने अभियान में निगम प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सफाई के दौरान सर्वाधिक अपशिष्ट प्रतिबंधित प्लास्टिक का मिला, जो स्वच्छता में बड़ी बाधा है। उन्होंने आमजन से दैनिक जीवन में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने और जागरूकता फैलाने की अपील की।

अभियान में जोन कमिश्नर प्रकाश चंद्रा,स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी,सहायक अभियंता आकाश अग्रवाल, स्वच्छता निरीक्षक सचीन्द्र थवाईत सहित संत निरंकारी मिशन के विकास लालवानी, अमर चांदवानी, माया देवांगन, अमर लालवानी, सुमित राज, जतिन रामानी, वर्षा रामानी, भावेश रामानी, गीता देवी, प्रिया लालवानी, संतोष रामानी एवं अन्य सदस्य तथा निगम कर्मचारीगण शामिल रहे।