देर रात सड़कों पर उतरे निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, स्वच्छता को लेकर की सख्त कार्रवाई

कोरबा। कोरबा शहर को स्वच्छता की श्रेणी में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय देर रात अपने दलबल के साथ निगम क्षेत्र के निरीक्षण पर निकले।

आयुक्त महाराणा प्रताप नगर मुख्य मार्ग से पैदल चलते हुए सुभाष चौक तक पहुंचे और मार्ग में दुकानदारों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान जिन दुकानदारों ने अपना सामान सड़क या फुटपाथ पर बाहर रखा हुआ था, उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया गया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त सीधे चौपाटी क्षेत्र भी पहुंचे, जहां दुकानदारों के साथ बैठक कर स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने के लिए निगम द्वारा सतत अभियान चलाया जा रहा है और इसमें सभी नागरिकों एवं व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है।

निगम आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सभी नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। निरीक्षण के दौरान निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।