आयुष्मान वय वंदना कार्ड बना जीवनदायी सहारा, 70 वर्षीय शंकर लाल को मिला 1.27 लाख का निःशुल्क उपचार

कोरबा। भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत संचालित ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ योजना ने एक बार फिर जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिक के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। करतला तहसील के ग्राम मड़वारानी निवासी 70 वर्षीय शंकर लाल को इस योजना के तहत 1 लाख 27 हजार 930 रुपये का निःशुल्क उपचार प्राप्त हुआ।

मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले शंकर लाल सीमित आय के कारण लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद नियमित इलाज नहीं करा पा रहे थे। हाल के दिनों में उन्हें सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने लगी, जिसके बाद उन्हें कोरबा स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

जांच में उनके फेफड़ों में संक्रमण पाया गया, जिसके लिए तत्काल उपचार आवश्यक था।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज के खर्च को लेकर चिंता बनी हुई थी। इसी दौरान आयुष्मान वय वंदना कार्ड की जानकारी मिलने पर पात्रता की पुष्टि कर योजना के तहत उपचार स्वीकृत किया गया। पूरी उपचार राशि योजना से कवर होने के कारण उन्हें एक भी रुपये का भुगतान नहीं करना पड़ा। उपचार के बाद शंकर लाल अब स्वस्थ होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

शंकर लाल ने शासन एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें योजना की जानकारी न मिलती, तो उपचार कराना संभव नहीं हो पाता।

जिला प्रशासन ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए पंजीयन कर योजना का लाभ उठाएं।

शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी जरूरतमंद नागरिक आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह योजना स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसेमंद संबल बनकर नई आशा जगा रही है।